रुड़की में आपसी भाईचारे के साथ मनाई गई ईद; नशा मुक्त प्रदेश का आह्वान
रुड़की। नगर और आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्य ईदगाह में नमाज के दौरान मदरसा अरबिया रहमानिया के प्रधानाचार्य अजहर उल हक ने देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान चलाने और उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने का आह्वान किया। नमाज मुफ्ती मोहम्मद सलीम ने अदा कराई।
इस अवसर पर हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद और नवरात्रि की शुभकामनाएं देकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता, पूर्व मेयर यशपाल राणा, भाजपा नेता नवीन जैन सहित कई वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी के आवास पर भी ईद मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ नताशा सिंह सहित कई अधिकारियों ने शिरकत की।
पथरी पुलिस ने दो संदिग्धों को दबोचा, चोरी की बाइक और हथियार बरामद

हरिद्वार। थाना पथरी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो संदिग्ध आरोपियों, विशाल (भट्टीपुर) और अभिषेक (लक्सर) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस और हरियाणा नंबर की एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। बरामद बाइक यमुनानगर, हरियाणा से चोरी की गई थी। एसएसपी के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
हरिद्वार में उत्साह के साथ नमाज अता, मुल्क की तरक्की के लिए उठीं दुआएं

हरिद्वार। शहर से लेकर देहात तक ईद की रौनक दिखाई दी। ज्वालापुर स्थित ईदगाह में भारी संख्या में नमाजियों ने एकत्र होकर देश की खुशहाली और एकता की दुआ मांगी। मौलाना वाहिद और मौलाना आरिफ ने अपने संबोधन में कहा कि ईद नफरत मिटाकर मोहब्बत बांटने का संदेश देती है। ईदगाह कमेटी के सदर जमशेद खान और सचिव बाबर खान ने सभी का स्वागत किया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मीठी सेवइयों के साथ त्योहार की खुशियां बांटीं।
कांग्रेस नेताओं ने पुष्प वर्षा और मिठाई के साथ किया नमाजियों का स्वागत

हरिद्वार। ईद के पावन अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने आपसी सौहार्द बढ़ाते हुए नमाजियों का भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, विधायक रवि बहादुर और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने ईदगाह के बाहर स्टॉल लगाकर लोगों को मिठाई खिलाई और फूलमालाएं पहनाईं। नेताओं ने कहा कि भारत विभिन्न संस्कृतियों का देश है और सभी धर्मों का सम्मान करना ही कांग्रेस की विचारधारा है। इस दौरान डॉ. संजय पालीवाल, अमन गर्ग और पूनम भगत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गुरुकुल कांगड़ी विवि का सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की इंजीनियरिंग इकाई का एनएसएस शिविर गंगा योग न्यास बैरागी कैंप में संपन्न हो गया। समापन सत्र में मुख्य अतिथि प्रो. मयंक अग्रवाल ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की। शिविर के दौरान ‘हर घर यज्ञ’ अभियान के माध्यम से मलिन बस्तियों के लोगों को जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों को ‘सत्यार्थ प्रकाश’ भेंट की गई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मयंक पोखरियाल ने बताया कि सात दिनों तक योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और समाज सेवा के माध्यम से छात्रों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।












