हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम आगमन पर विधायक मदन कौशिक का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। आर्यनगर चौक से हर की पैड़ी तक ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए।
ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के बीच मदन कौशिक ने हर की पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का पूजन और आरती की। इस दौरान उन्होंने संकल्प लिया कि वे उत्तराखंड की जनता के विकास के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मदन कौशिक का अनुभव प्रदेश के विकास को नई गति देगा। यात्रा में सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा जिला उपाध्यक्ष तरुण नैय्यर जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट सहित भारी संख्या में वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।














