हरिद्वार में देह व्यापार का भंडाफोड़: दिल्ली गेस्ट हाउस से 3 महिलाएं और 2 पुरुष गिरफ्तार, संचालक फरार

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए A.H.T.U. (एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) टीम ने आज सत्यम विहार, भूपतवाला स्थित दिल्ली गेस्ट हाउस में छापा मारकर जिस्मफरोशी में लिप्त तीन महिलाओं और दो पुरुषों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हालांकि, होटल संचालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस को लगातार देह व्यापार फलने-फूलने की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए थे। हाल ही में एक और सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह ताबड़तोड़ कार्रवाई की। जांच में पता चला है कि बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी होटल संचालक ने यह गेस्ट हाउस लीज पर ले रखा था। आरोप है कि वह फोन के जरिए ही ग्राहकों से डील करता था और महिलाओं व ग्राहकों को होटल में भेजता था। संचालक देश के विभिन्न राज्यों से लड़कियां मंगवाता था और काफी समय से इस धंधे में लिप्त होने के कारण उसका नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार होटल संचालक की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।