हरिद्वार: हरिद्वार में ज्वालापुर गन्ना समिति की चेयरमैन ममता देवी और वाइस चेयरमैन विशेष चौहान के निर्विरोध निर्वाचन पर उनका वेद मंदिर आश्रम में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से किसानों के हित में काम करने की उम्मीद जताई।
शनिवार को भाजपा प्रत्याशी के रूप में ममता चौहान और विशेष चौहान ने नामांकन दाखिल किया था। अन्य किसी प्रत्याशी के नामांकन न करने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन के बाद चेयरमैन और वाइस चेयरमैन सहित सभी डायरेक्टर वेद मंदिर आश्रम पहुंचे, जहां स्वामी यतीश्वरानंद ने उनका अभिनंदन किया।
स्वामी यतीश्वरानंद ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों को बीज, कीटनाशक, उपकरणों पर सब्सिडी और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से सशक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों ने भाजपा के चेयरमैन को निर्विरोध चुनकर यह साबित कर दिया है कि वे केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से संतुष्ट हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित चेयरमैन और पूरी समिति से गन्ना फसल का सही आकलन, समय पर तोल केंद्र और गन्ना पर्चियां जारी कराने जैसे किसान हितैषी कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। इस मौके पर दर्जाधारी मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और समिति के डायरेक्टर मौजूद रहे।
2025-07-05













