मुख्यमंत्री धामी ने दलाई लामा को 90वें जन्मदिन की बधाई दी, तिब्बती समुदाय के लिए विकास कार्यों की घोषणा

Listen to this article

देहरादून:  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्लेमेनटाउन, देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में परम पूज्य दलाई लामा के 90वें जन्मोत्सव पर देशवासियों और तिब्बती समाज को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुद्धा टेंपल मार्ग के चौड़ीकरण और तिब्बती श्मशान घाट पर टिन शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तिब्बती समुदाय के साथ खड़ी है और उनके सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास के लिए हर संभव सहयोग करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने दलाई लामा के शांति, अहिंसा और करुणा के संदेश की सराहना करते हुए उन्हें विश्व का सच्चा आध्यात्मिक गुरु बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने सदैव तिब्बती समाज को प्रेम, सम्मान और सुरक्षा दी है, और राज्य सरकार उनके हितों की रक्षा के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक विनोद चमोली, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, पूर्व मुख्य सचिव सुभाष कुमार सहित तिब्बती समुदाय के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।