
हरिद्वार, 8 जुलाई 2025 : आगामी 11 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले के सुचारु संचालन के लिए हरिद्वार नगर निगम ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तालियान के नेतृत्व में हुआ।
अभियान के दौरान व्यापारियों ने पूरा सहयोग दिया और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया। नगर निगम की टीम ने चंडीघाट से लेकर बस अड्डे तक कार्रवाई की। डॉ. गंभीर तालियान ने अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ ही चेतावनी भी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में मुख्य रूप से एसएनए ऋषभ उनियाल, अक्षय तोमर, पटवारी नरेंद्र काम्बोज, मायापुर चौकी इंचार्ज सुनील पंत सहित अन्य स्टाफ मौजूद था।
डॉ. तालियान ने बताया कि लाखों शिवभक्तों की सुविधा के लिए मेला मार्ग से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। उन्होंने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से भी मेले को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करने और अतिक्रमण न होने देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि मेले तक इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस दौरान महालक्ष्मी व्यापार मंडल के संयोजक और शहर उपाध्यक्ष संजय चौहान, व्यापारी रामनाथ, बलवीर सिंह चौहान, राकेश चौहान, विकास चंद्रा, किशोर, और ऋषभ चौहान भी उपस्थित थे।













