हरिद्वार से आज के मुख्य समाचार: यहां देखें:

Listen to this article

रेगुलेशन 2023 को लागू कराने की मांग को लेकर कर्मचारियों का सांकेतिक धरना जारी

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में बुधवार को भी कर्मचारियों का सांकेतिक धरना जारी रहा। शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने बताया कि यह धरना भारत सरकार द्वारा पारित रेगुलेशन 2023 को लागू कराने के लिए है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शत-प्रतिशत केंद्र सरकार के अनुदान पर संचालित है और उनकी मांग है कि केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार विश्वविद्यालय आर्य सिद्धांतों पर आगे बढ़े। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे विश्वविद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और आंदोलन के दौरान भी प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रखी जा रही है। उन्होंने शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर संयुक्त बैठक बुलाने का आह्वान किया और असंवैधानिक निर्णयों का विरोध करने की बात कही।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने वेयर हाउस का निरीक्षण कर दिए निर्देश

हरिद्वार: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रोशनाबाद जिला कार्यालय परिसर स्थित वेयर हाउस में राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में यह निरीक्षण हुआ। उन्होंने सीसी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा कर्मियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, राष्ट्रीय भारतीय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्र पाल सिंह, सीपीआई (एम) राजीव गर्ग, मंडल अध्यक्ष भाजपा बिंदर पाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।

सीसीआर में कांवड़ मेला नियंत्रण कक्ष की स्थापना: 16 सुपर जोनल, 37 जोनल और 124 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

हरिद्वार: जिला मजिस्ट्रेट और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 11 से 23 जुलाई तक चलने वाले कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए सीसीआर में कांवड़ मेला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मेले में लाखों कांवड़ियों/श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता और व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वच्छता, चिकित्सा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, अग्नि सुरक्षा, शौचालयों की व्यवस्था, पार्किंग, अस्थायी पुलों और घाटों सहित सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 16 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 37 जोनल मजिस्ट्रेट और 124 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो 10 जुलाई 2025 अपराह्न 4 बजे से 23 जुलाई को जलाभिषेक तक प्रभावी रहेंगे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) फिंचाराम चौहान और अपर जिलाधिकारी (वि०एवं १०) दीपेंद्र सिंह नेगी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया को प्रभारी अधिकारी कांवड़ मेला कंट्रोल रूम और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत को सहयोग हेतु तैनात किया गया है। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित होगा।

कांवड़ मेला के दृष्टिगत 14 से 23 जुलाई तक जनपद में स्कूल, कॉलेज रहेंगे बंद

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि श्रावण कांवड़ मेला-2025 के दौरान कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और सड़क मार्गों के बंद/डायवर्ट होने के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए 14 से 23 जुलाई तक जनपद हरिद्वार के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक/तकनीकी शिक्षण संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में भौतिक रूप से शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा। इस अवधि में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को बनाए रखने के लिए ऑनलाइन शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।