हरिद्वार, 10 जुलाई। ग्राम अजीतपुर में श्मशान घाट निर्माण कार्य रुकवाने के आरोपों को ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने पूरी तरह निराधार बताया है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।
प्रधान कश्यप ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए नमामि गंगे योजना के तहत श्मशान घाट का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था, जिसमें उनका और ग्रामीणों का सहयोग है। उन्होंने सवाल किया कि जिस कार्य को उन्होंने शुरू करवाया, उसे वे कैसे रुकवा सकते हैं?
उन्होंने बताया कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा भूमि अपनी बताकर श्मशान निर्माण कार्य रुकवाया गया है। पटवारी द्वारा दी गई भूमि पर ही कार्य किया जा रहा था। प्रधान ने प्रशासन से जनहित में जल्द से जल्द श्मशान घाट निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की है।
2025-07-10














