श्री जयराम आश्रम में गुरु पूर्णिमा: ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज का सेवा संकल्प

Listen to this article

हरिद्वार: आज गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री जयराम आश्रम में एक विशेष आयोजन किया गया, जहाँ आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज ने अपने शिष्यों को आशीर्वाद प्रदान किया जिसका मुझे और मेरे मित्र सुभाष कपिल को भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर ब्रह्मचारी जी महाराज अत्यंत प्रसन्नचित्त मुद्रा में दिखाई दिए।
उन्होंने अपने ब्रह्मलीन प्रातः स्मरणीय गुरुदेव स्वामी देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन और स्मरण करते हुए कहा कि उनके गुरुदेव ने सेवा का जो मार्ग प्रशस्त किया है, उसका अनुसरण करते हुए आश्रम की सेवा संस्कृति को आगे बढ़ाना ही उनके जीवन का परम उद्देश्य है। ब्रह्मचारी जी महाराज ने गुरुदेव के आदर्शों पर चलने और जनसेवा में लीन रहने का संकल्प दोहराया।
हाल के दिनों में ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसी कड़ी में, उन्होंने हाल ही में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक नवीन शिक्षा संस्थान (स्कूल) का निर्माण करवाया है। यह पहल शिक्षा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के प्रति उनके गहरे समर्पण को दर्शाती है। आश्रम का यह प्रयास समाज में शिक्षा की ज्योति जलाने और भावी पीढ़ियों को संस्कारवान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस शुभ अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने ब्रह्मचारी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और आश्रम द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। गुरु पूर्णिमा का यह उत्सव गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व और सेवाभाव के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।