हरिद्वार से संक्षिप्त समाचार: जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

जनपदीय अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में करेंगे रात्रि विश्राम

हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम का जुलाई 2025 का रोस्टर जारी किया है। इसके तहत जिला स्तरीय अधिकारी चयनित गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे, रात्रि विश्राम करेंगे और जन कल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है। उन्हें प्राप्त शिकायतों को पंजिका में दर्ज कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। यदि शिकायत का निस्तारण जनपद/शासन स्तर से किया जाना है, तो उसे प्रभारी अधिकारी (शिकायत), कलेक्ट्रेट, हरिद्वार को उपलब्ध कराना होगा। किसी अपरिहार्य परिस्थिति में भ्रमण स्थगित होने पर जिलाधिकारी को सूचित कर अगली तिथि में भ्रमण करना होगा। भ्रमण के बाद निर्धारित प्रारूप पर अगले कार्य दिवस तक जिलाधिकारी कार्यालय और जिला अर्थ संख्याधिकारी, हरिद्वार को सूचना उपलब्ध करानी होगी।

हरिद्वार में समान नागरिक संहिता के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक

हरिद्वार के जिला मुख्यालय विकास भवन रोशनाबाद में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्रीमती आकांक्षा कोण्डे की अध्यक्षता में जनपद में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के क्रियान्वयन को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य यूसीसी को हरिद्वार जनपद में प्रभावी ढंग से लागू करना और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए रणनीति तैयार करना था।
सीडीओ ने सभी विभागों को पंजीकरण के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों का शीघ्र पंजीकरण पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को अपने ग्राम स्तरीय कार्मिकों के माध्यम से सघन रणनीति बनाकर जनजागरूकता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने इस अभियान में विभिन्न सामुदायिक समूहों को शामिल करने पर भी बल दिया ताकि यूसीसी के बारे में सही जानकारी लोगों तक पहुंचे और उन्हें पंजीकरण में सहायता मिल सके। उपश्रमायुक्त को पंजीकृत श्रमिकों के बीच यूसीसी का प्रचार-प्रसार कर उन्हें पंजीकरण हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीपीआरओ, पीडी, डीडीओ, सीईओ, सीएओ और एसीएमओ सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों ने भाग लिया।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों का आंदोलन जारी

गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में गुरुवार को कर्मचारियों का सांकेतिक धरना जारी रहा। शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने कहा कि भारत सरकार/विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नियमों के लागू होने तक यह धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी नियम व संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और छात्रों के हितों को देखते हुए नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। कर्मचारियों की न्यायसंगत मांग को समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और अन्य संस्थाओं का व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। धरने में किसान नेता चौधरी सिकंदर, रकम सिंह और बृजपाल सिंह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कर्मचारियों को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।

श्रीगुरुसेवक निवास में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव संपन्न

हरिद्वार के श्रीगुरुसेवक निवास उछाली आश्रम में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव गुरु पूजन और वृहद प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हो गया। बड़ी संख्या में विभिन्न प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं ने उछाली आश्रम परमाध्यक्ष श्रीमहंत विष्णुदास महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किए।
तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन 8 जुलाई को अखंड श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ हुआ। 9 जुलाई को श्रीरामचरितमानस पाठ के भोग के बाद सायंकाल विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मनीष चौहान और उनके साथियों ने देर रात तक भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। गुरुवार को पूज्य गुरुदेव भगवान और चरण पादुका का अभिषेक व पूजन किया गया।
इस अवसर पर उछाली आश्रम परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि गुरु के बिना न तो ज्ञान की प्राप्ति हो सकती है और न ही हम भवसागर के पार हो सकते हैं। उन्होंने गुरु पूर्णिमा को गुरु के महत्व को सम्मानित करने और उनके प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बताया। उन्होंने अपने पूज्य गुरुदेव द्वारा दिखाए गए लोक कल्याण और जनसेवा के संकल्प को पूरा करने का प्रयास जारी रखने की बात कही। इस दौरान उनके शिष्य पुनीत दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी गुरु पूजन किए।