हरिद्वार: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने हरिद्वार में कांवड़ लेने आए हरियाणा के विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर और प्रतिमा भेंटकर उनकी मंगलमय यात्रा के लिए आशीर्वाद दिया।
चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचे खिलाड़ियों में नीरज गोयल, राजा यादव टाइगर, शिवम, कंवर, हर्ष क्रेजी, रॉकी, अंकुर और अमन पराशर शामिल थे। इन खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने प्रसन्नता व्यक्त की कि जो युवा खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं, वे धर्म के प्रति भी गहरी आस्था रखते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को कांवड़ यात्रा के नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने अन्य कांवड़ यात्रियों को भी शांतिपूर्ण यात्रा के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति पुरी महाराज, भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज और महंत राज गिरी ने भी खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया। एसएमजेएन कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सुनील कुमार बत्रा, भोला शर्मा और पार्षद आर्षिका शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
2025-07-22













