“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार”: लक्सर और नरसान में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
हरिद्वार: प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत शुक्रवार को लक्सर और नरसान विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 1740 लोगों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान 1028 लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए, जबकि 958 लोगों को मौके पर ही विभिन्न विभागों के प्रमाण पत्र जारी किए गए। नरसान में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सेठ और लक्सर में एसडीएम सौरभ असवाल ने अध्यक्षता की। कुल 83 शिकायतों में से 53 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शिविर में राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्योग मित्र समिति की बैठक: समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

हरिद्वार: मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति और एकल खिड़की जिला प्राविधिक समिति की बैठक आयोजित हुई। सीडीओ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उद्योगों से संबंधित पानी, बिजली और सड़कों की समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान करें। बैठक में सलेमपुर राजपूताना में स्ट्रीट लाइट लगाने और भगवानपुर में सड़क सुरक्षा हेतु एनएचआई को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि यदि आवंटित भूखंडों पर उत्पादन शुरू नहीं हुआ है, तो संबंधित इकाइयों को अंतिम नोटिस जारी किया जाए।
सड़क सुरक्षा अभियान: हेलमेट बांटे और रिफ्लेक्टिव टेप लगाए

हरिद्वार: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने आरटीओ डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए यात्री व मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। विभाग ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही ओवर-स्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई भी की गई।
‘स्वच्छ हरिद्वार’ अभियान के 38 दिन पूरे, धरातल पर दिखने लगा असर

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की निगरानी में जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान पिछले एक माह आठ दिन से निरंतर जारी है। इस अभियान के तहत जिला पंचायत ने बहादराबाद में सफाई कर 1.8 क्विंटल पॉलीथिन जब्त की। वहीं, बीएचईएल प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD) और उद्योग विभाग ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। लोनिवि ने जटवाड़ा पुल के पास से अतिक्रमण हटाया, जबकि उद्योग विभाग ने इंडस्ट्रियल क्षेत्रों में रोड क्लीनिंग मशीनों से सड़कों की सफाई करवाई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खंड विकास अधिकारियों के नेतृत्व में व्यापक सफाई की जा रही है।














