हरिद्वार: अवैध गैस गोदाम पर एसटीएफ की छापेमारी, सरकारी टीम के साथ बदसलूकी और भारी हंगामा

Listen to this article

रुड़की:  हरिद्वार के रुड़की अंतर्गत साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में शनिवार को एसटीएफ देहरादून की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से 101 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। बरामद किए गए सिलेंडरों में अधिकांश ‘इंद्रा गैस’ नामक निजी कंपनी के बताए जा रहे हैं, जो जांच के दौरान खाली पाए गए। जानकारी के अनुसार, ये सिलेंडर गदरजुड़ा निवासी एक व्यक्ति के हैं, जिसकी एक निजी गैस एजेंसी संचालित है। जिस स्थान पर ये सिलेंडर रखे गए थे, उसे अवैध रूप से गोदाम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था और इसके ठीक सामने ही एजेंसी संचालक का आवास भी स्थित है।

​छापेमारी की सूचना मिलते ही खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मदन रावत भी मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच शुरू की। एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, एसआई विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी और संजय शामिल रहे, जिनके साथ सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की टीम भी मौजूद थी।

​कार्रवाई के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब गोदाम की गिनती और कागजी कार्रवाई के बाद टीम बाहर निकली। इसी बीच सामने स्थित घर से आई महिलाओं ने एसटीएफ टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी और गोदाम के दरवाजे पर बाहर से ताला जड़ दिया। इसके बाद महिलाएं अपने घर के भीतर जाकर दरवाजे बंद कर बैठ गईं और पुलिस के काफी प्रयासों के बाद भी बाहर नहीं आईं। फिलहाल खाद्य आपूर्ति विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।