चमन लाल महाविद्यालय के 10 युवाओं का सेना में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

Listen to this article


लंढौरा, हरिद्वार। चमन लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय (स्वायत्त) के विद्यार्थियों ने रक्षा सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित थल सेना अग्निवीर भर्ती के अंतिम परिणाम में महाविद्यालय के नौ विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जबकि एक छात्र ने टेरिटोरियल आर्मी में सफलता हासिल की है।
अग्निवीर भर्ती में रोहित कुमार, सागर धीमान, नवीन कुमार, अनिवेश कुमार, हिमांशु गुप्ता, विनीत, आर्यन राणा, मोहम्मद कैफ और मोहम्मद उजैर का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में मोहम्मद उजैर को छोड़कर सभी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट रहे हैं। वहीं कैडेट सौरभ सिंह ने टेरिटोरियल आर्मी में चयनित होकर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. अपर्णा शर्मा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में महाविद्यालय के 25 छात्र-छात्राएं सेना, नौसेना, वायुसेना, टेरिटोरियल आर्मी तथा बीएसएफ सहित विभिन्न रक्षा एवं अर्धसैनिक बलों में चयनित हो चुके हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस सफलता पर आगामी समारोह में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। वहीं समिति के सचिव डॉ. अरुण हरित ने युवाओं को भविष्य के लिए निरंतर तैयारी जारी रखने की सलाह देते हुए अन्य छात्र-छात्राओं से भी इनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।