
हरिद्वार, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेमनगर आश्रम में पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में भाग लेते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के संकल्प के साथ तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोरारी बापू केवल श्रीराम कथा के वाचक नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन दर्शन के सशक्त संवाहक हैं, जिन्होंने विश्वभर में आध्यात्मिक चेतना का संदेश पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण की ओर अग्रसर है और उत्तराखंड सरकार केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को गति दे रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और दो माह में ही 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं, जबकि कैलाश मानसरोवर यात्रा में 5500 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को रवाना करने का अवसर भी उन्हें मिला, जो उत्तराखंड के बेहतर बुनियादी ढांचे और सुरक्षित यात्रा प्रबंधन का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यह केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के हरिद्वार आगमन पर गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
समारोह में परमार निकेतन आश्रम ऋषिकेश के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, आशु चौधरी, लव शर्मा, विशाल गर्ग, मनोज गौतम, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में रामभक्त एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













