लक्सर पुलिस ने सुलझाया अंकित चौहान हत्याकांड: रंजिश में हत्या कर गंगा में डुबोया था शव, चार गिरफ्तार

Listen to this article

हरिद्वार: लक्सर कोतवाली पुलिस ने शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का पर्दाफाश करते हुए ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी सुलझा ली है। खनन की मुखबिरी और पुरानी रंजिश के चलते अंकित की हत्या कर शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया था। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से शव और बाइक बरामद कर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण और कारण:

गत 2-3 अगस्त की रात अंकित चौहान जब मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी आरोपी सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी ने उसका रास्ता रोककर हत्या कर दी। आरोपियों के अनुसार, अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की मुखबिरी करता था, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने के बाद शव को बाइक सहित शिवपुरी गांव के पास गंगा नदी में डुबो दिया गया।

पुलिस कार्रवाई:

सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर नदी से शव और बाइक बरामद की गई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं (103, 238, 61(2)) की बढ़ोतरी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी चौहान उर्फ फौजी पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।