हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं पर सतत निगरानी रखें: जिलाधिकारी
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट एनआईसी कक्ष में मातृ मृत्यु की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने मातृ मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को गर्भवती महिलाओं की नियमित ANC जांच, फॉलो-अप और हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की सतत निगरानी करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में अनाधिकृत निजी क्लीनिकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने, शत-प्रतिशत बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने और ग्राम प्रधानों के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। इसके अलावा, आगामी डेंगू सीजन को देखते हुए ब्लॉक प्रभारियों को सतर्क रहने और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रतिदिन क्षेत्रीय सर्वे कराने के निर्देश भी जारी किए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी व विशेषज्ञ मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा के बाद शांतिकुंज के स्वयंसेवकों ने चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के समापन के बाद हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से शांतिकुंज के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने हरकी पौड़ी, पंतद्वीप और सीसीआर क्षेत्र में विशाल स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर गंगा घाटों और मार्गों से कई टन प्लास्टिक, कपड़े व अन्य कचरा एकत्रित कर निस्तारण के लिए भेजा।
विदेश प्रवास पर गए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण को जोड़ना समय की आवश्यकता है। अभियान में शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक कर्मचारियों ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
ग्रीन हाइड्रोजन के लिए BHEL और नॉर्वे की हाइस्टार एएस में रणनीतिक समझौता

हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) और नॉर्वे की ‘हाइस्टार एएस’ (Hydstar AS) के बीच भारत में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक समझौता हुआ है। इसके तहत देश में PEM इलेक्ट्रोलाइज़र प्रणाली का चरणबद्ध स्वदेशीकरण और स्थानीय विनिर्माण संभव हो सकेगा।
समझौते पर BHEL के कार्यपालक निदेशक वाई. श्रीनिवास राव, महाप्रबंधक सुतृप्तो डे तथा हाइस्टार के सीईओ फ्रेड्रिक मोविल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर नॉर्वीन दूतावास के प्रभारी राजदूत अर्विन एकलैंड गाडगिल सहित BHEL के वरिष्ठ निदेशक उपस्थित रहे। एल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइज़र के बाद अब PEM तकनीक के लिए हुआ यह समझौता BHEL को देश के उभरते ग्रीन हाइड्रोजन बाज़ार में एक प्रमुख स्वदेशी प्रदाता के रूप में स्थापित करेगा और ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बल देगा।
आधुनिक युग में भी पुस्तकों का महत्व अपरंपार: डॉ. मदनलाल जाट

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के केन्द्रीय पुस्तकालय में पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस.आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. मदनलाल जाट ने कहा कि तकनीक के इस आधुनिक युग में भी पुस्तकों के महत्व को कम नहीं किया जा सकता। उन्होंने डॉ. रंगनाथन के बताए मार्ग पर चलकर पाठकों को बेहतर सेवाएं देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ऋषि हुड विश्वविद्यालय (सोनीपत) के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. रामानंद मालवीय ने ऑनलाइन जुड़कर पुस्तकालय कर्मियों को शिक्षा का महत्वपूर्ण सेतु बताया। समीर राणा ने डॉ. रंगनाथन के पुस्तकालय विज्ञान के पांच नियमों के पालन पर जोर दिया। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिव कुमार चौहान सहित पुस्तकालय विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।













