भीमताल और हल्द्वानी समेत नैनीताल जिले के २८ स्थानों पर स्वच्छता अभियान
भीमताल/हल्द्वानी: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को नैनीताल जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि २८ स्थानों से सिंगल यूज प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट एकत्र कर सफाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ बनाना और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कुमाऊँ आयुक्त ने की कृषि, उद्यान योजनाओं और एग्रीस्टैक की समीक्षा

नैनीताल: कुमाऊँ मण्डल आयुक्त की अध्यक्षता में नैनीताल विकास प्राधिकरण सभागार में उद्यान एवं कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मिशन सेव कीवी, पॉलीहाउस, पीएम-किसान सम्मान निधि, किसान आईडी और एग्रीस्टैक पोर्टल की प्रगति पर चर्चा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सब्सिडी और योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक व पात्र किसानों तक पहुंचे तथा फसलों को जंगली व आवारा पशुओं से बचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
अस्पतालों में बाहर की दवाइयां न लिखें डॉक्टर: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल

हल्द्वानी: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में बेस अस्पताल हल्द्वानी, महिला अस्पताल, नैनीताल और रामनगर के अस्पतालों से जुड़े कई विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बीडी पांडेय अस्पताल में ५ इनवर्टर, एम्बुलेंस और लघु मरम्मत कार्य स्वीकृत किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं और जेनेरिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन

नई टिहरी: केंद्रीय संचार ब्यूरो (देहरादून) द्वारा न्यू टिहरी में आयोजित दो दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम के तहत विशेष फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को दर्शाया गया है। इस अवसर पर देशभक्ति तिरंगा रैली निकाली गई तथा प्रतियोगिताओं के विजेताओं और विभाजन से प्रभावित परिवारों को सम्मानित किया गया।
देहरादून में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य तिरंगा यात्रा

देहरादून: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के तत्वावधान में जिला जज हरीश कुमार गोयल के नेतृत्व में न्यू कोर्ट बिल्डिंग से घंटाघर तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, अखंडता और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।प
रेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूर्ण, सीएम धामी करेंगे ध्वजारोहण

देहरादून: राजधानी के परेड ग्राउंड में राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। १५ अगस्त को प्रातः १० बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सुरक्षा, यातायात और सिटिंग प्लान का जायजा लिया। समारोह के दौरान पुलिस, अर्धसैनिक बलों और एनसीसी की टुकड़ियां सलामी देंगी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा।













