हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करने और धमकाने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह सुबह बीएचईएल ड्यूटी जा रहे थे, तब सेक्टर-5 स्थित खोखा मार्केट के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा था। जांच में सामने आया कि मोहित के पड़ोसी संदीप वर्मा का उनसे पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि संदीप ने नौकरी और ठेली लगवाने का झांसा देकर इन युवकों से संपर्क किया था और मोहित को धमकाने के एवज में उन्हें तीन हजार रुपये दिए थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की कड़ियां जोड़ीं। सुराग मिलने पर पुलिस ने न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड, गुजर बस्ती क्षेत्र से चारों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मोहित की बाइक को रास्ते में रोककर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनकी बुलेट की चाबी छीनकर जंगल में फेंक दी थी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान (निवासी- मौजमपुर सदात, नजीबाबाद)
- आकाश (निवासी- जुल्फकारपुर गढ़ी, नजीबाबाद)
- ऋषभ (निवासी- ढाकी हुसैनपुर, नजीबाबाद)
- हिमांशु (निवासी- जगदीशपुर, नजीबाबाद)
पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।














