हरिद्वार: एआरटीओ कार्यालय में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अवैध ढाबे और बिचौलिये हटाए; दोबारा मिलने पर होगी एफआईआर

Listen to this article

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय परिसर में व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए कड़ी कार्रवाई की है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने संयुक्त रूप से कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, ई-ऑफिस प्रणाली और लंबित मामलों की गहराई से पड़ताल की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को सभी रिकॉर्ड अपडेट रखने और जनता के कार्यों का पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

​निरीक्षण के दौरान परिसर में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने अवैध रूप से संचालित ढाबों, कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों तथा अनावश्यक रूप से भीड़ जुटाने वालों को तुरंत वहां से हटा दिया। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति बिना किसी वैध कार्य के परिसर में पाया गया या अनधिकृत गतिविधियों में शामिल मिला, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।