शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपित गिरफ्तार, रुड़की बस अड्डे से दबोचा गया

Listen to this article

​हरिद्वार: शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को रुड़की बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया गया है।

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुड़की कोतवाली क्षेत्र के आकाशदीप इलाके की रहने वाली एक युवती ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर निवासी धर्मेंद्र (पुत्र सुरेंद्र) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

​प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी गई। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रुड़की ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। इसी क्रम में पुलिस टीम ने 21 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर रुड़की बस अड्डे से आरोपित धर्मेंद्र को धर दबोचा। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में ला रही है।