परिवर्तन यात्रा दिखावा, फिर आएगी भाजपा सरकार-मनोज प्रालिया

Listen to this article


हरिद्वार। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के बहादराबाद मंडल अध्यक्ष मनोज प्रालिया ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड में सत्ता वापसी का कांग्रेस का सपना पूरा होता नहीं दिखाई दे रहा है। हरिद्वार में परिवर्तन यात्रा की पोल खुल गई है। यात्रा के दौरान कांग्रेसियों की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। इससे साफ पता लगता है कि कांग्रेस में अंदर खाने खींचतान चल रही है। हरीश रावत और प्रीतम सिंह की गोद में बैठी कांग्रेस का भविष्य अधर में लटका हुआ है। ऐसे में उत्तराखंड की जनता को भाजपा पर विश्वास कायम रखना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में ही उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास संभव है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार आने वाले कुछ महीनों में ही प्रदेश की तकदीर बदलने का कार्य करेगी। मनोज प्रालिया ने कहा कि शनिवार 18 सितंबर को तीर्थ नगरी हरिद्वार में कांग्रेस पार्टी की ओर से परिवर्तन यात्रा निकाली गई। यात्रा को लेकर दावा किया गया था कि लाखों की संख्या में भीड़ यात्रा में शामिल होकर प्रदेश में भाजपा सरकार के सफाए का ऐलान करने वाली है। लेकिन यात्रा के दौरान ऐसा कुछ भी नहीं दिखाई दिया। हर की पौड़ी से यात्रा में शामिल लोग तितर-बितर हो गए। मनोज प्रालिया ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बननी तय है।