राहुल गांधी का बयान आपत्तिजनक देश से माफी मांगे-कैलाश विजय वर्गीय

Listen to this article


*भाजपा राष्ट्रीय महासचिव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के बयान को बताया अनर्गल*

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के नेता से इस तरह के अनर्गल बयान देश के लिए सही नही है। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर ही अपना भाषण शुरू कर दिया। जिस तरह से न्याय पालिका और चुनाव आयोग पर ऊंगली उठाई वह प्रजातंत्र के लिए बहुत ही खतरनाक है। उनका भाषण आपत्तिजनक है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कैलाश विजय वर्गीय ने कहा कि कोई भी भाषण देने से पहले उसकी गरिमा देखनी जरूरी होती है। जो भाषण मंच या चैराहे पर दिया जाता है वह संसद में नहीं दिया जा सकता। लेकिन दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी इस बात को समझ नहीं रहे हैं। उन्होंने न्याय पालिका और चुनाव आयोग का मजाक उड़ाया है। उनका भाषण गरिमापूर्ण नहीं है। इसलिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य देश और संस्कृति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सीमावर्ती होने के कारण भी काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां ऐसी सरकार बने जो केंद्र के सहयोग से विकास करने के साथ ही सीमा की सुरक्षा के लिए चिंता करे। कहा कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रिय राज्य है। उनकी यहां से बड़ी श्रद्धा है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भी ये बात कही है कि आने वाला दशक उत्तराखंड का है। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले चुनाव से ज्यादा इस बार विश्वास और उत्साह है। जनता इस बार भी भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि वोट की राजनीति के लिए उत्तराखंड में मुस्लिम विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा करना ठीक नहीं है। कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। ये प्रदेश शांत और पवित्र प्रदेश है। उन्होंने मुस्लिम विवि खोलने पर आपत्ति के सवाल पर कहा कि देश के अंदर जहां मुस्लिम विवि है वहां की स्थिति का अध्ययन करने से ही पता चल जाएगा कि क्या परेशानी है। दावा किया कि आने वाले समय में देश में 65 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि नगर विधायक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के नेतृत्व में हरिद्वार में बीते बीस सालों में जमकर विकास हुआ है। चाहे घाट हो, सड़कें हो, फलाईओवर हो या फिर अन्य जनहितकारी योजनाओं की बात हो, यह धरातल पर उतरा है। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, शेखर कुर्ल, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम सुनील अग्रवाल गुड्डू आदि शामिल रहे।