शिवभक्तों में दिखता है भगवान शिव का अंश-पुष्कर सिंह धामी

Listen to this article

मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों के चरण धोकर गंगाजली भेंट की

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को डामकोठी के निकट गंगा घाट पर कांवड़ यात्रा पर देवभूमि उत्तराखण्ड आये शिव भक्तों के चरण धोकर एवं गंगाजली देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डामकोठी में पौधारोपण भी किया। कांवड़ियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी ने कहा कि मां गंगा की कृपा सभी पर बनी रहे। देवभूमि उत्तराखण्ड आये शिव भक्तों में भगवान शिव का अंश दिखता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलें। इसके लिए सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए पहली बार अलग से बजट की व्यवस्था की है। कांवड़ लेने आने वाले श्रद्धालुओं को राज्य में कोई परेशानी न हो। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किये गये हैं। कांवड़ मेले के सुचारू प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री ने सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सेवी संस्थाओं, शासन एवं जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में इस वर्ष चारधाम एवं कांवड़ में रिकॉर्ड श्रद्धालु आ रहे हैं। अभी तक 27 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम दर्शन के लिए आ चुके हैं। आज 28 लाख से अधिक कांवड़ यात्री देवभूमि में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा लिए उच्च स्तर पर एक वाट्सअप ग्रुप भी बनाया गया है। इस ग्रुप के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है मुख्यमंत्री स्वयं इस ग्रुप से जुड़े हैं। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान,प्रदीप बत्रा,पूर्व विधायक संजय गुप्ता,गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, डीआईजी गढ़वाल के.एस.नगन्याल,जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय,एस.एस.पीडा.योगेन्द्र सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन एवं शिवभक्त मौजूद रहे।