प्रधानाचार्य से लूटी सोने की चेन और अवैध तमंचा बरामद, पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती
हरिद्वार। बिल्केश्वर रोड के समीप बुधवार देर शाम पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से कुछ घंटे पहले एक स्कूल की प्रधानाचार्य से लूटी गई सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दिन में एक स्कूल की प्रधानाचार्य को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली थी और मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी बिल्केश्वर रोड की ओर देखा गया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से प्रधानाचार्य से लूटी गई सोने की चेन, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी के रूप में हुई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
2026-10-07













