हरिद्वार की बदहाली : हरिद्वार शहर को गंदगी मुक्त करने में कौन-कौन जुटे, देखें पूरी खबर

Listen to this article

कांवड़ पटरी मार्ग पर HRDA का सफाई अभियान, आम जनता से सहयोग की अपील

हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह के नेतृत्व में कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद कांवड़ पटरी मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। शंकराचार्य चौक से गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय तक चले इस अभियान में प्राधिकरण के सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। अंशुल सिंह ने स्थानीय जनता से भी शनिवार सुबह 7:30 बजे सर्वानंद घाट से कांवड़ पटरी सिंहद्वार तक चलने वाले सफाई अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम, सामाजिक संगठनों और आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान में भाग लेने वालों को हैंड ग्लव्स और मास्क दिए जाएंगे, और सभी से स्वच्छ भारत के संकल्प को पूरा करने में सहयोग करने का आग्रह किया।

कांवड़ियों द्वारा छोड़े गए हजारों टन कचरे की सफाई में जुटा नगर निगम

कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद हरिद्वार में कांवड़ियों द्वारा छोड़े गए हजारों टन कचरे को साफ करना प्रशासन और नगर निगम के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। लगभग 4.50 करोड़ कांवड़ियों के आने से हरकी पैड़ी, गंगा घाटों और रास्तों पर हर तरफ कचरा, प्लास्टिक की थैलियां, पानी की बोतलें, जूते-चप्पल फैले हुए हैं।

नगर निगम ने इस कचरे को साफ करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है और अतिरिक्त मैन पावर लगाई गई है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि 48 घंटे में शहर को पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा।

मेयर किरण जैसल ने किया सफाई अभियान का निरीक्षण, कर्मियों को दिए निर्देश

नगर निगम प्रशासन के साथ, मेयर किरण जैसल भी शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में सक्रिय रूप से लगी हुई हैं। उन्होंने गुरुवार को कनखल और जगजीतपुर में चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि कांवड़ मेले के बाद हर साल बड़े पैमाने पर गंदगी फैलती है, जिसे साफ करने के लिए नगर निगम के कर्मचारी पूरी निष्ठा से लगे हुए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं से भी शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की।

देवभूमि भैरव सेना संगठन ने सफाई कर्मचारियों का किया सम्मान

देवभूमि भैरव सेना संगठन ने कांवड़ मेले के बाद शहर की सफाई में जुटे सफाई कर्मचारियों का स्वागत किया। ज्वालापुर पुल जटवाड़ा पर सफाई हवलदार अजय कुमार और उनकी टीम का पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से सम्मान करते हुए संगठन के प्रदेश सचिव चरणजीत पाहवा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की भूमिका देश में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार से भी सफाई कर्मचारियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। इस अवसर पर चरणजीत पाहवा, बक्शी चौहान, सत्येंद्र यादव, निर्मित पाहवा, अनमोल अरोड़ा और विशाल कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।