गुरुदेव शाश्वत चेतना हैं: स्वामी अवधेशानंद गिरि
हरिद्वार। भारत माता मंदिर के संस्थापक एवं सनातन परंपरा के महान संत ब्रह्मलीन जगद्गुरु स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज का सप्तम समाधि दिवस श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। कार्यक्रम भारत माता मंदिर समन्वय सेवा ट्रस्ट एवं भारत माता जनहित ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने की। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शरीर नहीं, बल्कि शाश्वत चेतना होते हैं और उनका आदर्श सदैव समाज को दिशा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरुदेव के बताए सत्य, सेवा, साधना और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समाधि दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर समाधि पीठ पर श्रद्धालुओं द्वारा रजत छत्र अर्पित किया गया। ट्रस्ट की बैठक में गुरुदेव के लोकमंगल और राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।










