गुकाविवि कर्मचारियों के आंदोलन को सेवानिवृत्त शिक्षकों का समर्थन

Listen to this article

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में 16 दिनों से चल रहे शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनि के सांकेतिक धरने को सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों का समर्थन मिला है। सेवानिवृत्त प्रोफेसर श्रवण कुमार शर्मा ने धरने को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय में दो कुलसचिवों और दो कुलपतियों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन संस्थान को निजीकरण की ओर धकेलना चाहता है।
यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने बताया कि विश्वविद्यालय को बचाने के लिए उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया है, जिसकी सुनवाई चल रही है। यूनियन पदाधिकारियों ने चिन्मय डिग्री कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि कम दाखिलों के कारण वहां प्रवेश रोक दिए गए हैं, और अगर गुकाविवि में भी ऐसा हुआ तो कर्मचारियों के भविष्य पर संकट आ सकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों से एकजुट होकर “रेगुलेशन 2023” लागू करने और विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। पूर्व महामंत्री दीपक वर्मा ने वर्तमान और सेवानिवृत्त शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।