क्राइम न्यूज़:  कलियर में महिला के साथ गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार

Listen to this article

हरिद्वार:  कलियर क्षेत्र में एक महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।

​पुलिस को देर रात लगभग 2:45 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सोहलपुर गांव के पास एक स्कूल के अंदर पांच युवकों ने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को रेस्क्यू कर मेडिकल जांच के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा।

​प्रेमी ने बुलाया और दोस्तों के साथ किया दुष्कर्म

​पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका परिचित अनीश अहमद, जो कि भगवानपुर के इनायतपुर का रहने वाला है, उसने उसे मिलने के लिए बुलाया था। अनीश उसे सोहलपुर के एक ठेके पर शराब लेने के बहाने लेकर गया। वहां अनीश को उसका दोस्त हिमांशु सैनी उर्फ लड्डू मिला। दोनों ने शराब खरीदी और फिर पीड़िता को पास के ही एक स्कूल में ले गए।

​स्कूल में पहले से ही तीन अन्य लोग मौजूद थे, जिनकी पहचान रजत, नीरज और एक अन्य के रूप में हुई। आरोपियों ने पहले शराब पी, फिर सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद वे पीड़िता को स्कूल में ही छोड़कर फरार हो गए।

​पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम बनाई। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनीश अहमद, हिमांशु सैनी उर्फ लड्डू, रजत और नीरज शामिल हैं।

​पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।