हरिद्वार, 01 सितंबर, 2025 – अहमदपुर ग्रांट और उत्तम डिस्टिलरी, सहदेवपुर गाँव के किसानों और निवासियों को जलभराव से हो रही परेशानी को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिला कार्यालय सभागार में एक बैठक बुलाई, जिसमें जल निकासी के समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के पानी से उनके खेतों और आवासीय कॉलोनियों में जलभराव हो रहा है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने हरिद्वार के उपजिलाधिकारी, रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट, और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से जलभराव की स्थिति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सिंचाई विभाग का एक और राजस्व विभाग के दो नाले हैं, जिनके माध्यम से जल निकासी की जा सकती है। इस जानकारी के बाद, जिलाधिकारी ने तत्काल निर्देश दिए कि सिंचाई विभाग के अधीन नाले को दुरुस्त किया जाए और राजस्व विभाग के दोनों नालों की सफाई के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के माध्यम से एक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त दीपेंद्र सिंह नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक आर सेठ, उपजिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओम जी गुप्ता, और अन्य संबंधित अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।
2025-09-01














