गुरु शक्ति-न्याय शक्ति’ अभियान: अल्मोड़ा में शिक्षकों को कानूनी जागरूकता का जिम्मा

Listen to this article

​उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर दो दिवसीय जागरूकता अभियान “गुरु शक्ति-न्याय शक्ति: ज्ञान से न्याय की ओर” का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 5 और 6 सितंबर, 2025 को चलेगा, जिसका उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से छात्रों को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक करना है।

​इस अभियान के तहत अल्मोड़ा के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता शिविर, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान, छात्रों को मौलिक अधिकार, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा कानून, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

​अभियान के अंतिम दिन यानी 6 सितंबर को, जनपद के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को “न्याय प्रेरणा शिक्षक” के रूप में जिला जजी परिसर, अल्मोड़ा में सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय और सचिव शचि शर्मा कर रहे हैं।