गढ़वाल मंडल में विकास कार्यों की धीमी गति पर आयुक्त ने जताई नाराजगी

Listen to this article

हरिद्वार:  4 सितंबर 2025 – गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई विभागों की धीमी प्रगति पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। आयुक्त ने चेतावनी दी कि यदि अगली बैठक तक सभी विभागों ने अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई, तो लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​समीक्षा बैठक के बाद, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आकांक्षा कोंडे ने सभी जिला स्तरीय विभागों को निर्देश दिए कि वे बीस सूत्रीय कार्यक्रम और जिला योजना सहित सभी विकास कार्यों में 100% प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत D और C श्रेणी की मदों को हर हाल में A श्रेणी में लाया जाए।

​CDO ने विभागों को यह भी निर्देश दिया कि जिला योजना और अन्य कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट हर महीने की 2 तारीख तक जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को हार्ड और सॉफ्ट कॉपी में जमा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस कार्य को गंभीरता से लेने पर जोर दिया।

​इस समीक्षा बैठक में जिला विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, जिला पंचायतीराज अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, अधिशासी अभियंता (सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम), जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।