हरिद्वार संक्षिप्त: जनपद हरिद्वार में आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

निर्जला एकादशी स्नान मेला आज, पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

हरिद्वार। निर्जला एकादशी स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए ऋषिकुल ऑडिटोरियम में पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जवानों को गर्मी से बचाव हेतु पानी और ग्लूकोज साथ रखने की सलाह दी।

मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में विभाजित कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। हर की पौड़ी, मनसा देवी, चंडी देवी मंदिर और हाईवे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने अफवाहों पर नजर रखने, घाटों को समय-समय पर खाली कराने और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग में भेजने के निर्देश दिए हैं। स्नान पर्व के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी, जल पुलिस, एसडीआरएफ और सीएपीएफ की तैनाती की गई है।

स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 21.31 ग्राम स्मैक बरामद

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फेरूपुर क्षेत्र में दोगीवाला मार्ग से शाहरुख नामक आरोपी को दबोचा, जिसके कब्जे से 21.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

हरिद्वार पुलिस ने लौटाई 104 लोगों की मुस्कान

हरिद्वार। ऑपरेशन रिकवरी के तहत हरिद्वार पुलिस ने 104 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई गई है।

कोतवाली नगर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और अन्य तकनीकी माध्यमों की सहायता से उत्तराखंड सहित गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और अन्य राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए। दूरदराज राज्यों के 37 मोबाइल फोन को पुलिस द्वारा कोरियर के माध्यम से संबंधित स्वामियों तक पहुंचाया जाएगा। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।