अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा की सचिव शचि शर्मा ने “अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस” के अवसर पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। यह शिविर दूरस्थ क्षेत्र में स्थित शहीद बिशन सिंह बोरा अटल उत्कर्ष राजकीय इंटर कॉलेज, सोमेश्वर में ‘न्याय और शिक्षा-दोनों अधिकार हमारे’ अभियान के तहत लगाया गया था।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, साक्षरता का महत्व, लैंगिक समानता, मौलिक अधिकार और कर्तव्य, साइबर सुरक्षा, और मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता और आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी बताया गया।
‘एक बच्चा एक किताब’ अभियान के तहत, अमन संस्था (एन. जी. ओ.) के सहयोग से विद्यालय के पुस्तकालय को 17 किताबें भेंट की गईं और 32 गरीब बच्चों को कॉपी और पेन भी वितरित किए गए।
इस मौके पर, अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, चित्रकला, और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को सचिव शचि शर्मा द्वारा कॉपी और पेन देकर सम्मानित किया गया।
शचि शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकों का जीवन में विशेष महत्व है और वे हमारी सबसे अच्छी मित्र होती हैं। उन्होंने बताया कि किताबें पढ़ने से ज्ञान बढ़ता है। इस शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अधिकार मित्र भी मौजूद थे।













