हरिद्वार में ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

Listen to this article

हरिद्वार: शिवलोक कॉलोनी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ब्यूटी पार्लर चलाने वाली 34 वर्षीय महिला की उसके ही लिव-इन पार्टनर ने लोहे की रॉड से सिर पर वार करके हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

​लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे मीनाक्षी और मुकेश

​मृतका की पहचान 34 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से 52 वर्षीय मुकेश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के बीच कई सालों से संबंध थे। यह घटना देर रात की है, जब किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश ने आवेश में आकर लोहे की रॉड से मीनाक्षी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

​पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोचा

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल मौके पर आईपीएस निशा यादव और रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी मुकेश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा रहा है।