हरिद्वार में एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Listen to this article

हरिद्वार, 11 सितंबर 2025: राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, देहरादून के निर्देश पर हरिद्वार में एक एकीकृत स्वास्थ्य शिविर (Integrated Health Camp – IHC) का आयोजन किया गया। यह शिविर दिव्य प्रेम सेवा मिशन चिकित्सालय, चंडीघाट में आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. सिंह ने किया।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वाले समूहों, जैसे प्रवासियों और ड्राइवरों, के साथ-साथ आम जनता को एक ही स्थान पर कई तरह की स्वास्थ्य जांच और उपचार सुविधाएँ प्रदान करना था। शिविर में टीबी, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, मधुमेह और आंखों की जांच के साथ-साथ गैर-संचारी रोगों के लिए भी मुफ्त परामर्श दिया गया।

डॉ. सिंह ने बताया कि भविष्य में भी जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके और वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।

इस शिविर में कुल 465 लोगों को लाभ मिला। इनमें से 130 की सामान्य स्वास्थ्य जांच, 104 एक्स-रे, 37 की बलगम जांच, 132 की एचआईवी/सिफलिस जांच, 62 एनसीडी स्क्रीनिंग और 36 की नेत्र जांच की गई।

शिविर में डॉ. आर.के. सिंह के अलावा दिशा क्लास्टर यूनिट से डॉ. हेमंत खर्कवाल, योगेश शर्मा, अशोक कुमार, शेखर सैनी, किरन असवाल, अवनीश कुमार, सलीम और अवधेश सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहयोग प्रदान किया।