हरिद्वार: शनिवार शाम को हरिद्वार के रोडवेज बस अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हरियाणा पुलिस एक फरार बदमाश का पीछा कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाश ने अपनी पिस्तौल से पुलिस पर ही गोली चला दी, जिसमें हरियाणा पुलिस के दारोगा सुरेंद्र प्रकाश घायल हो गए।
घटना उस समय हुई जब जींद पुलिस की टीम ने एक वांछित अपराधी को बस अड्डे पर घेर लिया। यह बदमाश हरियाणा के एक पुलिस अधीक्षक को फोन पर धमकी देने के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हरिद्वार में है।
पुलिस के घेरने पर बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अचानक अपनी सिल्वर रंग की पिस्तौल निकाली और गोली चला दी। गोली दारोगा सुरेंद्र प्रकाश की कोहनी में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। गोली चलने की आवाज से बस अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और इसी का फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गया।
घायल दारोगा को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फरार बदमाश की तलाश में सघन अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि बदमाश राही होटल की गली में भागा था। पुलिस ने पूरे बस अड्डे और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया है। साथ ही, बदमाश को पकड़ने के लिए शहर के सभी मुख्य चौक-चौराहों पर नाकेबंदी भी कर दी गई है।














