हरिद्वार: नेपाल में सनातन धर्म पर हो रहे हमलों से चिंतित नेपाली संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार में भारतीय संतों से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है। रविवार को योगी दीदार नाथ के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधिमंडल ने श्री बालाजी धाम के महंत आलोक गिरी महाराज से भेंट की और उन्हें नेपाल की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।
योगी दीदार नाथ ने बताया कि नेपाल में उपद्रवियों ने गुरु मछेन्द्र नाथ के रथ को जलाने की कोशिश की और पशुपति नाथ महादेव मंदिर पर भी हमले की साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि नेपाल में सनातन धर्म को भारी नुकसान हो रहा है और वहां के लोगों को अब भारत से सहयोग की आवश्यकता है।
महंत आलोक गिरी महाराज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी से बात करेंगे और सहयोग के लिए ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में बड़ी संख्या में नेपाली समुदाय के लोग रहते हैं और उनकी मदद करना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस बैठक में योगी बसंत नाथ, मणिराज पुरी, योगी आनंद नाथ और अन्य संत भी उपस्थित थे।













