हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी विजयदशमी कार्यक्रम का हरिद्वार में आगाज हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिम उत्तर क्षेत्र सह प्रचार प्रमुख तपन कुमार ने कहा कि ‘स्व:’ पर आधारित भारत की संकल्पना से ही परम वैभव की प्राप्ति संभव है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित करने के लिए हमें राजनीतिक स्वार्थों से ऊपर उठकर काम करना होगा और आध्यात्मिक उन्नति पर ध्यान केंद्रित करना होगा। उन्होंने भारतीय दृष्टिकोण को विश्व की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पद्मश्री पर्वतारोही संतोष यादव ने परिवार और पर्यावरण के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने स्वदेशी जीवन शैली अपनाने की सलाह दी, जिसमें अपनी संस्कृति के अनुरूप भोजन, वस्त्र और वस्तुओं का उपयोग शामिल है, जिससे राष्ट्र सेवा के लिए शक्ति प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार और गुरुजी के चित्रों के सामने दीप प्रज्वलित कर शस्त्र पूजन किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने नगर के विभिन्न मार्गों से पथ संचलन निकाला, जिसका स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रचारक ईश्वर दयाल सहित कई अन्य पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।













