हरिद्वार, उत्तराखंड – हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में बरसात के कारण जंगली जानवरों का आबादी वाले इलाकों में आना बढ़ गया है। खेड़ी कला गाँव में देर रात एक ग्रामीण के घर में 11 फुट लंबा मगरमच्छ घुस गया।
गाँव निवासी सुदेश लाल ने तड़के करीब तीन बजे अपने घर के आँगन में विशालकाय मगरमच्छ को देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार और पड़ोसियों ने वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को जाल में फँसाकर सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे उसके प्राकृतिक निवास स्थान, जंगल की नदी में छोड़ दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र नेगी ने बताया कि बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से जंगली जीव बस्तियों की ओर आ रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसे जीव दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने की अपील की। विभाग ने भी बरसात के मौसम को देखते हुए अपनी टीमों को अलर्ट पर रखा है।













