उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बिरिया मझोला में आयोजित स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री एक अलग ही अंदाज में नजर आए; उन्होंने मैदान पर उतरकर न केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि खुद भी हाथ में बल्ला थामकर कई शानदार शॉट लगाए। मुख्यमंत्री को खेल के मैदान पर सक्रिय देखकर वहां मौजूद युवा खिलाड़ियों और दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
इस ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला नगला तराई (खटीमा) और उजालिकोट (टनकपुर) के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नगला तराई की टीम ने 108 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे उजालिकोट की टीम ने बेहद कड़े संघर्ष के बाद 3 विकेट से जीतकर खिताबी जीत हासिल की। मुख्यमंत्री धामी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और स्वर्गीय मनीष चंद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल न केवल शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम की विश्व कप जीत की सराहना की और केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ व ‘फिट इंडिया’ जैसी योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाने पर गर्व व्यक्त किया और युवाओं को खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।












