शारदीय कांवड़ मेला: पुलिस बल को मिले सख्त निर्देश, 12 फीट से ऊंची कांवड़ और डीजे पर रहेगी रोक
हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुक्रम में आज नोडल अधिकारी एवं एसपी सिटी अभय कुमार ने कमलदास कुटिया में शारदीय कांवड़ मेले की ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए संपूर्ण क्षेत्र को 9 जोन और 19 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को 12 घंटे की शिफ्ट का पालन करने, मोबाइल का अनावश्यक प्रयोग न करने और अपनी शिफ्ट पूरी होने से पहले पॉइंट न छोड़ने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टिगत कांवड़ की ऊंचाई 12 फुट तक सीमित रखने और डाक कांवड़ में डीजे को वाहनों की बॉडी के भीतर ही रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे हर की पैड़ी और प्रमुख पुलों पर अतिक्रमण न होने दें और नदी में छलांग लगाने वालों पर सख्ती से रोक लगाएं। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता, जल पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों को तैनात किया गया है। बल को निर्देशित किया गया है कि वे कांवड़ियों के साथ विनम्र व्यवहार करें और किसी भी विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाएं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखने और अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी संबंधित सेक्टर अधिकारियों को सौंपी गई है।












