हरिद्वार पुलिस की तत्परता: नीदरलैंड की महिला का गुम हुआ मोबाइल 24 घंटे में बरामद

Listen to this article

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में सुरक्षा और सेवा का संकल्प दोहराते हुए पुलिस ने एक बार फिर विदेशी मेहमान की मदद कर ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा को चरितार्थ किया है। हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान गुम हुआ एक विदेशी महिला का कीमती मोबाइल फोन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला।

भीड़ में खो गया था कीमती सामान

​जानकारी के अनुसार, नीदरलैंड (डॉर्प्स स्ट्रीट) की निवासी ऐना दाविट पत्नी बास्टियन मंगलवार शाम को विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देखने हरकी पैड़ी पहुँची थीं। आरती के समय भारी भीड़ के कारण उनका मोबाइल फोन कहीं गिर गया या खो गया। मोबाइल में उनके महत्वपूर्ण यात्रा दस्तावेज और अन्य जरूरी डेटा मौजूद था, जिसके बिना उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई

​मोबाइल न मिलने पर विदेशी महिला ने हरकी पैड़ी पुलिस चौकी में संपर्क कर मदद मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने तत्काल एक टीम गठित की, जिसमें कांस्टेबल नितिन रावत और भूपेंद्र गिरी को मोबाइल की तलाश में लगाया गया।

चेहरे पर लौटी मुस्कान

​पुलिस टीम ने डिजिटल और स्थानीय स्तर पर छानबीन शुरू की और बुधवार को सफलतापूर्वक मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके बाद ऐना दाविट को पुलिस चौकी बुलाकर उनका फोन सुपुर्द किया गया। अपना कीमती फोन और दस्तावेज सुरक्षित पाकर महिला भावुक हो गईं और उन्होंने हरिद्वार पुलिस की कार्यकुशलता और ईमानदारी की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।