उत्तराखंड समाचार: आज दिन भर की ताजा खबरें,यहां देखें

Listen to this article

वंदे मातरम् थीम पर हरिद्वार में सजा भव्य फैशन एवं मॉडलिंग शो

हरिद्वार में पी. दीक्षित मैनेजमेंट एंड प्रोडक्शन के बैनर तले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की थीम पर एक भव्य और सफल फैशन एवं मॉडलिंग शो का आयोजन किया गया। सिडकुल स्थित एक होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 50 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने रैंप पर अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, स्टाइल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के मुख्य संयोजक प्रणय दीक्षित ने बताया कि यह मंच युवाओं को अपने सपनों को साकार करने और मॉडलिंग की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। ग्रूमर एवं डिजाइनर सूफी साबरी सहित देश के प्रतिष्ठित डिजाइनरों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा तथा लेखिका डॉ. राधिका नागरथ ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

रोको-टोको अभियान से स्वच्छता के लिए घर-घर पहुंचा नगर निगम


नगर निगम हरिद्वार द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से “रोको-टोको” अभियान की शुरुआत की गई है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में निगम की टीम आर्यनगर वार्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान के तहत लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जो लोग नियमित रूप से नियमों का पालन नहीं करते, उन्हें गुलाब का फूल देकर जागरूक किया जा रहा है। वहीं, स्वच्छता नियमों का पालन करने वालों की सराहना भी की जा रही है। नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक फीडबैक देने की अपील की है।

अतिक्रमण के नाम पर उत्पीड़न के विरोध में लघु व्यापारियों का प्रदर्शन


हरिद्वार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान रेड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स के कथित उत्पीड़न के विरोध में लघु व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने तुलसी चौक से नगर निगम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और एक दिवसीय धरना दिया। व्यापारियों ने मांग की कि नगर निगम द्वारा लाइसेंसधारी स्ट्रीट वेंडर्स को चिन्हित वेंडिंग जोन में व्यवस्थित रूप से रोजगार करने की अनुमति दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो दो मई से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

मजदूर दिवस पर भेल में विशाल विरोध प्रदर्शन करेगी ट्रेड यूनियन

हेवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन की बैठक भेल रानीपुर स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भेल के फाउंड्री गेट पर विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन ने 2025-26 के पीपीके भुगतान, अतिरिक्त कार्य के बदले ओवरटाइम, केंद्रीय इंसेंटिव स्कीम में संशोधन तथा कोरोना काल में मृत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक लाभ देने जैसी मांगें उठाईं। इन मांगों को लेकर भेल प्रबंधन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

सफाई व्यवस्था और नालों की सफाई को लेकर नगर आयुक्त का निरीक्षण

नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह ने त्रिमूर्ति नगर वार्ड में सफाई व्यवस्था और नालों की सफाई का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी और वार्ड पार्षद अहसान अंसारी भी मौजूद रहे। पार्षद ने नगर आयुक्त को क्षेत्र में नियमित सफाई न होने और नालों की समय पर सफाई न होने की समस्याओं से अवगत कराया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, नालों की शीघ्र सफाई कराने और बरसात से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एससी/एसटी उद्यमियों के लिए वेंडर डेवलपमेंट एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नेशनल एससी/एसटी हब एवं डीआईसीसीआई द्वारा हरिद्वार में वेंडर डेवलपमेंट एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एससी/एसटी उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों से जोड़ना था। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि और मेयर किरन जैसल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उद्यमियों को ऋण सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और व्यवसाय विस्तार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।