हरिद्वार: आगामी कुंभ मेला-2027 को देखते हुए मेला क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। गुरुवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बैरागीवाला एवं श्रीयंत्र क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
दक्षद्वीप क्षेत्र में सिंचाई विभाग द्वारा बनाई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। यह सड़क बैरागी कैंप से श्रीयंत्र मंदिर को जोड़ेगी और कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लगभग 650 मीटर लंबाई की इस सड़क के निर्माण के लिए शासन द्वारा 46.47 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने बताया कि शेष कार्य अगले दस दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
अपर मेलाधिकारी ने मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से मेले के दौरान यातायात दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं का आवागमन अधिक सुगम बनेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
2026-06-18













