अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऋषिकुल मैदान में होगा भव्य योग शिविर

Listen to this article


हरिद्वार:  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को जनपद में भव्य योग शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे से आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऋषिकुल के मैदान में योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिद्वार की मेयर किरण जैसल उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पंडाल एवं बैठने की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई जाएगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम हरिद्वार आयोजन स्थल पर साफ-सफाई एवं मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट को वीआईपी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का दायित्व एसपी सिटी को दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग को स्कूली छात्राओं के आवागमन हेतु आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। योग शिविर में लगभग एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन को योगा मैट एवं जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।