हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 (14 जनवरी से 20 अप्रैल) के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रेलवे और मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय रेलवे कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने यात्रियों के भारी दबाव को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों, अतिरिक्त कोचों और प्लेटफॉर्म प्रबंधन की योजना को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी और कमांड एंड Control सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों को मजबूत करने पर बल दिया। बैठक के बाद उन्होंने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और रेलवे से विशेष ट्रेनों के संचालन का अनुरोध किया। बैठक में उत्तर रेलवे की मुरादाबाद मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार और अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













