
हरिद्वार। धर्मनगरी में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ज्वालापुर कोतवाली के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जैसी पवित्र नगरी में किशोरी की मौत एक शर्मनाक घटना है। विधायक ने मांग की कि इस मामले में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए और दोषियों पर पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है और न्याय मिलने तक हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते संवेदनशीलता दिखाई होती, तो शायद किशोरी की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने लापरवाह पुलिसकर्मियों को चिन्हित करने और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग उठाई। वहीं, महिला महानगर अध्यक्ष लता जोशी और संजय सैनी ने जोर देकर कहा कि नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को देखते हुए इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान एडवोकेट फुरकान अली और मनोज जाटव सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों की जांच तेज गति से कर नजीर पेश की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी हिमाकत न कर सके। इस विरोध प्रदर्शन में मृतक किशोरी के परिजनों के साथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें गौरव चौहान, पूनम भगत, जतिन हांडा, सुभद्रा अग्रवाल, डॉ. मेहरबान खान, सचिन चौधरी और ऋषभ वशिष्ठ जैसे कई वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन को घेरा।













