हरिद्वार संक्षिप्त: प्रेस क्लब हरिद्वार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने दी निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

Listen to this article

प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने किया स्वागत

प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर ने प्रतिभाग करते हुए कहा कि प्राधिकरण द्वारा जनजागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिसके अंतर्गत मुफ्त कानूनी सलाह, न्यायालय में मुकदमों की फीस तथा अन्य आवश्यक खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, भूतपूर्व सैनिक तथा वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम वाले पात्र व्यक्तियों को इस योजना का लाभ मिलता है। साथ ही लोक अदालत, मध्यस्थता और सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का त्वरित निस्तारण किया जाता है। हरिद्वार में स्थायी लोक अदालत के जरिए यातायात, बिजली, जलापूर्ति, अस्पताल, बीमा और उपभोक्ता मामलों का भी समाधान किया जाता है।