हरिद्वार। हरिद्वार जनपद में हाल ही में निरस्त की गई पत्रकारों की मान्यता को दोबारा बहाल करने की मांग को लेकर हरिद्वार प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल देहरादून पहुंचा। प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात की और उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने महानिदेशक से मानवीय और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उन पत्रकारों की मान्यता बहाल करने का अनुरोध किया, जिनकी मान्यता तकनीकी कारणों या नवीनीकरण प्रक्रिया के दौरान छूट गई थी।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने वार्ता के बाद बताया कि महानिदेशक बंशीधर तिवारी के साथ बैठक बेहद सकारात्मक और सार्थक रही। महानिदेशक ने आश्वस्त किया है कि विभाग निरस्त की गई मान्यताओं की पुनः गंभीरता से जांच करवाएगा और योग्य व वास्तविक पत्रकारों की मान्यता बहाल करने के लिए ठोस व त्वरित कदम उठाएगा।













